Saturday, August 13, 2016

* यही जगत-व्यवहार *

प्रेमधार में उछल पड़े,
और किया मधुर तकरार।
किसे पता? कब टूट जाय?
यह प्रेमभरा व्यवहार।।१।।

भावों की गहरी नदिया में,
गोते खूब लगाये।
कभी-कभी आकुल हो रोये,
कभी खूब मुस्काये।

कभी शिकायत, कभी मनाना,
कब चुप का व्यापार?
किसे पता? कब टूट जाय?
यह प्रेमभरा व्यवहार।।२।।

कितनी बार रोक कर साँसें,
इन्तज़ार में बैठे।
काश! लहर इक उठे उधर से,
हों अंदाजे झूठे।

हलचल की अनजान कसौटी,
करे हृदय पर वार।
किसे पता? कब टूट जाय?
यह प्रेमभरा व्यवहार।।३।।

चाहे जितना सावधान हो,
करो रोज संवाद।
ख्याल रखो अपनेपन का,
औ डरकर करो विवाद।

किन्तु तुम्हें कुछ पता नहीं,
कब टूट जाय यह डार।
किसे पता?  कब टूट जाय?
यह प्रेमभरा व्यवहार।।४।।

'सत्यवीर' मायूसी छोड़ो,
यह कुछ नयी न बात।
मिट्टी का यह तन छूटेगा,
जायेगी  बारात।

करो शिकायत कुछ न हृदय में,
करो दुआ- बौछार।
किसे पता? कब टूट जाय?
यह प्रेमभरा व्यवहार।।५।।

अशोक सिंह सत्यवीर
(पुस्तक - यह भी जग का ही स्वर है )

Friday, August 5, 2016

लोकगीत (सोहर)

सोहर:

गरजहुँ ए देव, गरजहुँ, गरजि सुनावहुँ हो,
देव बरसहुँ जव के खेत, बरसि जुड़ावहुँ हो।।
जनमहुँ ए पूत, जनमहुँ, मोरे दुखिया घरे हो,
पूत, उजरल डिहवा बसावहुँ, बपइया जुड़ावहुँ हो।।
कइसे के जनमहुँ ए माई, कइसे के जनमहुँ  हो,
माई, टुटही खटियवा सुतइबू त रेइया गोहरइबू हो।।
जनमहुँ ए पूत, जनमहुँ मोरे दुखिया घरे हो,
पूत आल्हर चनन कटाइब, पलँगिया सुताइब, पितम्बर उड़ाइब
अहोइया गोहरइब हो।।
तेलवा त मिलिहें उधार, त नुनवा बेवहार मिले हो
माई, कोखिया के कवन उधार, जबहिं बिधि देइहें
तबहिं तुहूँ पइबू हो।।
आधी रात गइले पहर रात, होरिला जनम लेले हो
रामा बाजे लागल आनंद बढावा, उठन लगे सोहर हो।।

  गरजो हे देव! गरजो; गरज सुनाओ। बरसो देव जौ के खेत में, शीतल करो बरसकर।।
  जनमो हे पुत्र! जनमो, मुझ दुखिया के घर; उजड़ा डीह बसाओ,  शीतल करो पिता को।।
  कैसे जनमूँ माँ! कैसे जनमूँ, टूटी खाट पर सुलाओगी, 'रे' कहकर बुलाओगी ।।
  जनमो हे पुत्र! जनमो मुझ दुखिया के घर, कोमल चंदन कटाऊँगी, (उसी ) पलंग पर सुलाऊँगी, पीताम्बर उढ़ाऊँगी, 'अहो' कह पुकारूँगी।।
  तेल तो उधार मिलता है, व्यवहार से मिल जाता है नमक, (पर ) माँ! कोख कहाँ उधार मिलती है! जब विधाता देंगे तभी तुम भी पाओगी।।
  रात आधी गयी, पहर भर और गयी,  पुत्र ने जन्म  लिया, आनंद-बधावा बजने लगा, सोहर उठने लगे।।

अशोक सिंह 'सत्यवीर'